Warning: opendir(/home/u924082484/domains/uk1news.com/public_html/wp-content/mu-plugins): Failed to open directory: Permission denied in /home/u924082484/domains/uk1news.com/public_html/wp-includes/load.php on line 937
राजनाथ सिंह और अमित शाह के बाद पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारी - uk1news

राजनाथ सिंह और अमित शाह के बाद पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारी

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं का पहुंचना जारी है. अभी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी कार्यक्रम से सरकार कुछ फ्री ही हुई थी कि अब राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारी में जुट गई है.. हालांकि इसके लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है, लेकिन संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शासन ने पूरी हुई योजनाओं का खाका जुटाना शुरू कर दिया है.

दरअसल, उत्तराखंड में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे इस बात का संकेत दे रहे हैं कि पार्टी चुनावी रणनीति को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है. हाल ही में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजथान सिंह हल्द्वानी पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का काम किया. इससे पहले अमित शाह भी हरिद्वार में आए थे.

वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की चर्चा ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियों की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है. शासन स्तर पर लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. खासतौर पर उन योजनाओं की सूची तैयार की जा रही है, जो पूरी हो चुकी हैं या अंतिम चरण में हैं, ताकि प्रधानमंत्री के हाथों उनका लोकार्पण या शिलान्यास कराया जा सके.

इस पूरे आयोजन को लेकर मुख्य सचिव आनंदवर्धन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जा चुकी है. इस बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभागों की प्रमुख परियोजनाओं का ब्यौरा उपलब्ध कराएं. सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के दौरे को विकास कार्यों के प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया जाए, जिससे जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए.

पीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शुरुआती स्तर पर ही रूपरेखा तैयार कर ली जाती है. प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रोटोकॉल बेहद सख्त होता है, ऐसे में कोई भी चूक न हो, इसके लिए अधिकारियों को पहले से ही सतर्क रहने के निर्देश दिए जाते हैं.

भाजपा के लिए यह दौरा चुनावी दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है. पार्टी को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी राज्य में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगी और जनता के बीच सकारात्मक माहौल तैयार करेगी. खासतौर पर उन क्षेत्रों में जहां पार्टी को मजबूती की जरूरत है, वहां यह दौरा निर्णायक भूमिका निभा सकता है.

उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर सरकार और भाजपा दोनों पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं. भले ही अभी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जिस तरह से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, उससे यह साफ है कि यह दौरा आने वाले समय में राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकता है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रधानमंत्री का यह दौरा कब और कहां होता है और इसका चुनावी समीकरणों पर क्या असर पड़ता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *