देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में तेज बहाव में बहने से हरियाणा की 28 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती अपने साथियों के साथ सहस्रधारा घूमने आई थी और नदी किनारे फोटो खिंचवा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव के लिए एसडीआरएफ को बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ कर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से नदी में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद युवती को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से कोरनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान नेहा आर्य (28) निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के निकट, कोतवाली नगर, पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
