सिल्वर सिटी में हुए हत्याकांड का एसटीएफ दून पुलिस की संयुक्त टीम ने किया खुलासा………..

Oplus_16908288

देहरादून

देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या का एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। घटना 13 फरवरी 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली डालनवाला को मिली सूचना के बाद सामने आई थी, जिसमें सिल्वर सिटी मॉल में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा पुत्र अनुपलाल शर्मा निवासी अमन विहार, रायपुर के रूप में हुई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई माह पहले ही विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रच ली थी। एक आरोपी ने उस जिम में ज्वाइन किया था जहां विक्रम जाया करता था, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। घटना के दिन भी आरोपियों ने आपस में संपर्क कर उसकी लोकेशन की पुष्टि की और वारदात को अंजाम दिया। फरार होने के लिए हरिद्वार से किराए पर स्कूटी और बाइक ली गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। वहीं एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देशन में गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की। घटना में वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है और विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। राजधानी में हुई इस वारदात के खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *