*देहरादून*
दून में आस्था का महापर्व: झंडे जी मेले का भव्य आगाज, लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़*
राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब में रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री गुरु राम राय महाराज के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विश्व प्रसिद्ध झंडे जी मेले का शुभारंभ 94 फीट ऊंचे पवित्र ध्वजदंड के आरोहण के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देहरादून पहुंचे और दरबार साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।
सुबह से ही दरबार साहिब परिसर ‘धन-धन श्री गुरु राम राय’ के जयकारों से गूंजता रहा। परंपरा के अनुसार पुराने ध्वजदंड को उतारकर दही, घी और गंगाजल से दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद नए ध्वजदंड पर मखमली और सनील के 41 गिलाफ चढ़ाए गए। इस वर्ष दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य पंजाब के लुधियाना से आए एक श्रद्धालु परिवार को मिला, जिन्होंने वर्षों पहले इसकी बुकिंग कराई थी। जैसे ही शाम को ध्वजदंड का आरोहण हुआ, पूरी दून घाटी जयकारों से गूंज उठी।
करीब 350 साल पुराना यह मेला श्री गुरु राम राय महाराज की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। माना जाता है कि वर्ष 1676 में गुरु राम राय महाराज के यहां डेरा डालने के कारण ही इस शहर का नाम देहरादून पड़ा। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में आयोजित यह मेला सांप्रदायिक सौहार्द और आस्था की अनूठी मिसाल पेश करता है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को जीरो जोन घोषित करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यह मेला कई दिनों तक चलेगा, जिसमें 10 मार्च को निकलने वाली नगर परिक्रमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
