केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल जनपद के दौरे पर हैं. राजनाथ सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज के कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड पहुंचे. यहां सीएम धामी ने हल्द्वानी में उनका भव्य स्वागत किया.
हैलीपैड पर स्वागत करते हुए सीएम धामी और राजनाथ सिंह की कैमिस्ट्री देखने को मिली. सीएम धामी ने हेलीपैड पर राजनाथ सिंह को उत्तराखंडी टोपी पहनाई. इसके बाद सीएम धामी ने गुलदस्ता देकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया. राजनाथ सिंह ने भी सीएम धामी को आशीष देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी.कार्यक्रम स्थल पहुंचने से लेकर मंच तक राजनाथ सिंह और सीएम धामी एक दूसरे का साथ देते नजर आये. मंच पर सीएम धामी राजनाथ सिंह के बगल में खड़े दिखे.
बता दें सीएम धामी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दोनों एक दूसरे के करीबी हैं. राजनाथ सिंह ने ही सीएम धामी को धाकड़ धामी की उपाधि दी थी. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कई बार मंचों से सीएम धामी की खुलकर तारीफ करते हैं. सीएम धामी भी राजनाथ सिंह को अभिभावक मानते हैं. ये ही कारण है कि अपनी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया.
अपने संबोधन के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम धामी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा धामी धाकड़ होने के साथ ही धुरंधर धामी हैं. राजनाथ सिंह ने कहा 2022 में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हमने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था. उस समय मैंने कहा था कि हमारे ये धामी ‘धाकड़ धामी’ हैं, और अब मैं कहता हूं कि मुख्यमंत्री धाकड़ होने के साथ ही ‘धुरंधर धामी’ भी हैं.
राजनाथ सिंह ने सीएम धामी की तारीफ करते हुए कहा चार वर्ष पूरे होने पर धामी ने चौका मारा है. छह वर्ष पूरे होने पर धामी छक्का मारने में भी कामयाब होंगे. उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने तेजी से विकास किया है. बुनियादी ढांचे का विकास हो, पर्यटन को नई दिशा देना हो या युवाओं को रोजगार देना, हर क्षेत्र में धामी ने अच्छा काम किया है.
