*कोरोनेशन अस्पताल के पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह का बयान, पर्यावरण बचाना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी*
उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला पूरे प्रदेश में धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला यह पर्व हर साल उत्साह के साथ मनाया जाता है। सामाजिक संगठनों, गली-मोहल्लों के साथ-साथ सरकारी संस्थाओं की सक्रिय भूमिका के चलते यह पर्व पूरे देश में हरियाली को बढ़ावा देने का माध्यम बन गया है।
इसी कड़ी में जिला अस्पताल कोरोनेशन में सोमवार को हरेला पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अगुवाई पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर अस्पताल के समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मिनिस्टीरियल संवर्ग और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सभी ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
डॉ. यतेंद्र सिंह ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। आज के समय में जब पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, तब हर व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। पेड़ ही हमारे जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि लगाए गए पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिवार समाज को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे रहा है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ा बदलाव संभव है।
इस अवसर पर डॉ. डीपी जोशी, डॉ. प्रवीण पंवार, डॉ. जेपी नौटियाल, नर्सिंग अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में मिनिस्टीरियल और पैरामेडिकल संवर्ग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

